Koderma: सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग के नौवां माइल के समीप बुधवार दोपहर एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे जा रही कार में पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान विमला देवी व उनके पति रामप्रवेश प्रसाद तथा चालक संजय प्रसाद के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार तीनों लोग बिहारशरीफ से बोकारो जा रहे थे. इसी दौरान कोडरमा घाटी के नौवां माइल के समीप पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी. इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई. घटना में कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह भी पढ़ें: दो साल बेमिसाल: सांसद मनीष जायसवाल ने गिनाईं उपलब्धियां, जनता की आवाज को संसद से विकास योजनाओं तक पहुंचाया

दूसरे कार सवार ने दिखाई तत्परता, घायलों को पहुंचाया सदर अस्पताल
वहीं पीछे से आ रहे एक कार सवार पप्पू सिंह की नजर घायलों पर पड़ी. तत्परता देखाते हुए उन्होंने तीनों घायलों को कार से बाहर निकाला और अपने कार से कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में तीनों का इलाज चल रहा है. इधर घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस घाटी पहुंची और ट्रक और कार को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद कोडरमा एसडीपीओ सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जाना. उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड : राज्य में सामान्य से 50 फीसदी कम हुई बारिश, किसानों की बढ़ी चिंता


