Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने अपने संसदीय कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में बीते दो वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. कार्यक्रम में विधायक प्रदीप प्रसाद, विधायक निर्मल महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने सांसद द्वारा कराए गए विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया.
संसद में रिकॉर्ड उपस्थिति और सक्रिय भागीदारी
सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि एक सांसद की सबसे बड़ी जिम्मेदारी केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना और क्षेत्र की समस्याओं को संसद में मजबूती से उठाना है. उन्होंने बताया कि लोकसभा में उनकी 96 प्रतिशत उपस्थिति रही, जबकि राष्ट्रीय औसत 86 प्रतिशत है. दो वर्षों में उन्होंने लोकसभा में 211 प्रश्न पूछे, जबकि राष्ट्रीय औसत 103 और झारखंड के सांसदों का औसत 126 प्रश्न रहा. इसके अलावा उन्होंने 31 बहसों में भाग लिया. उनके प्रश्न स्वास्थ्य, शिक्षा, रेलवे, रोजगार, कोयला, पर्यटन सहित 38 मंत्रालयों से जुड़े विषयों पर केंद्रित रहे.

सड़क और ग्रामीण विकास को मिली गति
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत हजारीबाग में 93 किलोमीटर और रामगढ़ में 66 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण कराया गया. साथ ही तीन पुलियों का निर्माण भी हुआ. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारीबाग में 10,854 तथा रामगढ़ में 6,622 ग्रामीण आवासों का निर्माण कर हजारों परिवारों को लाभ पहुंचाया गया.
रेलवे परियोजनाओं में हुई प्रगति
उन्होंने कहा कि बरकाकाना स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है. हजारीबाग में कोचिंग डिपो का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसके बाद यहां से नई ट्रेनों के परिचालन का रास्ता खुलेगा. कोडरमा-बरकाकाना रेलखंड के दोहरीकरण का टेंडर हो चुका है और कई नई ट्रेनों के संचालन का प्रस्ताव भी रेलवे को भेजा गया है. सांसद ने बताया कि सांसद निधि से प्राप्त 10 करोड़ रुपये की राशि के तहत 196 विकास योजनाओं का चयन कर जिला प्रशासन को भेजा गया है. लगभग ₹9.95 करोड़ की योजनाएं विभिन्न स्तरों पर प्रक्रियाधीन हैं.
डीएमएफटी से सैकड़ों करोड़ की योजनाएं
उन्होंने बताया कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत हजारीबाग और रामगढ़ को लगभग 100 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं. हजारीबाग में 446 करोड़ रुपये तथा रामगढ़ में 486 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाएं स्वीकृत हैं. सांसद ने बताया कि बगोदर-हजारीबाग सड़क का निर्माण कार्य जल्द ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित किया जाएगा. ब्लैक स्पॉट सुधार, सुल्ताना बाइपास, एनएच-522 से जुड़ने वाली सड़क, सुल्ताना-हंटरगंज-डोभी सड़क तथा वाराणसी-कोलकाता सुपर हाईवे परियोजना पर भी कार्य जारी है.
एयरपोर्ट के लिए राज्य सरकार से मांगी भूमि
हजारीबाग एयरपोर्ट के संबंध में सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार निर्माण के लिए तैयार है, लेकिन राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है. उन्होंने कहा कि भूमि मिलते ही निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. सांसद ने कहा कि राज्य के विकास के लिए कोयला और बालू की चोरी पर प्रभावी रोक लगाना आवश्यक है. इससे सरकारी राजस्व बढ़ेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी.
राजरप्पा महोत्सव में राष्ट्रपति को दिया आमंत्रण
उन्होंने बताया कि आगामी राजरप्पा महोत्सव में भारत की राष्ट्रपति को आमंत्रित किया गया है. यदि उनका आगमन होता है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय होगा.अपने संबोधन के अंत में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि वे स्वयं को समाजसेवी नहीं बल्कि जनसेवक मानते हैं. उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें संसद भेजा है और उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराना है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले वर्षों में भी विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी.
ALSO READ : गिरिडीह–कोडरमा रेल ट्रैक पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय मनोज गोपालक की मौत


