रांची: रमजान महीने के अवसर पर बुधवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में भव्य दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का आयोजन झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर अंसारी के नेतृत्व में किया गया. इफ्तार में बड़ी संख्या में रोजेदारों और राजनीतिक नेताओं ने हिस्सा लिया और झारखंड में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की.

राज्य में शांति, सौहार्द्र और तरक्की के लिए की गई प्रार्थना
इफ्तार पार्टी में रांची महानगर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हुसैन खान ने सभी अतिथियों और रोजेदारों का टोपी और गमछा पहनाकर स्वागत किया. इफ्तार से पहले मौलवी द्वारा दुआ पढ़ी गई और झारखंड में शांति, सौहार्द्र और तरक्की के लिए प्रार्थना की गई. इस मौके पर अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन मंजूर अंसारी ने कहा कि कांग्रेस भवन में आयोजित इफ्तार पार्टी में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली. उन्होंने कहा कि रमजान का महीना रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना है, जिसमें रोजा रखकर इबादत करने के साथ-साथ गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करना इस्लाम की अहम सीख है. ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता को मजबूत करते हैं.
वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि रमजान हमें संयम, सब्र और इंसानियत का संदेश देता है। रोजा रखने से इंसान के अंदर आत्मिक शुद्धि आती है और यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है.
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय तथा जेएमएम के मंत्री हफीजुल हसन समेत गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: रांची में जन्म-मृत्यु निबंधन में आई तेजी, लोगों की मदद के लिए बनेगा हेल्प डेस्क

