Chaibasa: मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 तहत सिंहभूम सांसद श्रीमती जोबा माझी एवं मनोहरपुर विधायक श्री जगत माझी ने सपरिवार भरा गणना प्रपत्र, मतदाताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील.
पश्चिमी सिंहभूम जिले में बूथ लेवल पदाधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जा रहा है. इसी क्रम में सिंहभूम की सांसद श्रीमती जोबा माझी एवं मनोहरपुर के विधायक श्री जगत माझी ने अपने-अपने परिवार के साथ गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराया. घर-घर भ्रमण के दौरान संबंधित बीएलओ ने दोनों जनप्रतिनिधियों को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया, जिसे उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप भरकर वापस किया.
सांसद जोबा माझी ने अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की
इस अवसर पर सांसद श्रीमती जोबा माझी एवं विधायक श्री जगत माझी ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से भारत निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने घर पर बीएलओ के माध्यम से प्राप्त गणना प्रपत्र को सावधानीपूर्वक भरकर समय पर संबंधित बीएलओ को वापस करें, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके. उन्होंने कहा कि मतदान प्रत्येक भारतीय नागरिक का संवैधानिक अधिकार होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व भी है. इसलिए सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपने विवरण का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन सुनिश्चित करना चाहिए, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे.

बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें- जिला प्रशासन
जिला प्रशासन ने भी सभी मतदाताओं से अपील की है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गणना प्रपत्र जमा कर मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन की प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं.


