पलामू में झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत, लेकिन नगर निगम की खुली पोल; सड़कों पर जलजमाव, घरों में घुसा पानी

Palamu: जिले में लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है और...

palamu rain news

Palamu: जिले में लगातार हो रही झमाझम बारिश ने जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है और मौसम सुहाना बना दिया है, वहीं दूसरी ओर इस पहली बड़ी बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है. गुरुवार को हुई तेज बारिश के बाद जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के पहाड़ी मुहल्ला स्थित गहमेल रोड पूरी तरह जलमग्न हो गया. सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी भरने के साथ-साथ कई घरों में भी बारिश का गंदा पानी घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

घरों से पानी निकालने में छूटे पसीने, आवागमन ठप

​मुहल्ले के स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक हुई तेज बारिश से जलभराव की स्थिति इतनी विकट हो गई कि घरों में रखा सामान बचाने के लिए उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. शहर की कई मुख्य गलियां पूरी तरह पानी में डूब गईं, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा. पानी के बीच से गुजरते दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी.

मानसून की शुरुआत में यह हाल, तो आगे क्या होगा: मोहल्लावासी

​नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए मोहल्लावासियों ने कहा कि यदि मानसून की शुरुआत में ही शहर का यह हाल है, तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश के दौरान हालात और भी बदतर और गंभीर हो सकते हैं. लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में ठीक यही समस्या सामने आती है, लेकिन निगम प्रशासन द्वारा अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.

नालों की तत्काल सफाई कराने की मांग

​सड़कों पर हुए इस भारी जलजमाव को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से नालों की तत्काल युद्धस्तर पर सफाई कराने, जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा जलभराव वाले निचले क्षेत्रों में शीघ्र राहत कार्य चलाने की मांग की है ताकि जनता को इस नारकीय स्थिति से मुक्ति मिल सके.

AlsoRead:CM हेमन्त सोरेन ने भरा SIR प्रपत्र, मतदाताओं से समय पर सत्यापन कराने की अपील

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *