Ranchi: भाजपा के प्रदेश महामंत्री और सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने गैस सिलेंडर को लेकर झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि झामुमो जनता के बीच गैस को लेकर भ्रम फैला रहा है और लोगों को डराने की कोशिश कर रहा है. डॉ. वर्मा ने कहा कि सत्ता में रहने वालों का काम जनता को भरोसा देना होता है, लेकिन झामुमो उल्टा लोगों को हतोत्साहित कर रहा है. उन्होंने कहा कि देश में आज नरेंद्र मोदी की सरकार है, जो जनता की सेवा के लिए लगातार काम कर रही है.

कोरोना-नोटबंदी पर विपक्ष फैला चुका है भ्रम : प्रदीप वर्मा
उन्होंने कहा कि यही इंडी गठबंधन पहले भी कोरोना टीका और नोटबंदी जैसे मुद्दों पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर चुका है, लेकिन जनता ने उनके बहकावे में नहीं आकर प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा किया.न डॉ. वर्मा ने कहा कि आज दुनिया में भारत की साख बढ़ी है. यूक्रेन संकट के दौरान भारत के तिरंगे के कारण दूसरे देशों के लोग भी सुरक्षित बाहर निकल पाए. इससे दुनिया में भारत की ताकत और भरोसा दिखता है.
“400 में गैस सिलेंडर देने का था वादा, अबतक कदम नहीं उठाया गया”
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कहा कि रमजान और आने वाले शादी-विवाह के मौसम को लेकर राजनीति की जा रही है और बयान देकर सहानुभूति लेने की कोशिश हो रही है. भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव के समय झामुमो ने 400 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब तक इस पर कोई कदम नहीं उठाया गया. इसी तरह किसानों से 3200 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदने की बात भी पूरी नहीं हुई.
मोदी सरकार को 140 करोड़ लोगों की चिंता : प्रदीप वर्मा
डॉ. वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार को देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता है और पेट्रोलियम मंत्रालय पूरी तरह सतर्क है. देश में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन अफवाह फैलने से कालाबाजारी न हो, इसलिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि विदेश नीति जैसे गंभीर मुद्दों पर बिना पूरी जानकारी के बयान नहीं देना चाहिए. सरकार की आलोचना करना अलग बात है, लेकिन देश के खिलाफ बोलना ठीक नहीं है.

