Hazaribagh: पुलिस ने बरही थाना क्षेत्र के ग्राम रसोईया धमना में बड़ी कार्रवाई करते हुए 697 किलोग्राम डोडा बरामद किया है. बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है. इस संबंध में बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने गुरुवार को बरही थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि रसोईया धमना गांव में अफीम तस्करों द्वारा मुर्गी फार्म के पास बने एक कोर्केट मकान में भारी मात्रा में डोडा का भंडारण किया गया है, जिसे बाहरी तस्करों को बेचने की तैयारी थी.
गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने की छापेमारी
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर एवं थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने बंगाली साव उर्फ बबलू साव के मुर्गी फार्म के समीप स्थित कोर्केट कमरे से कुल 47 बोरा डोडा (लगभग 697 किलोग्राम) बरामद किया. हालांकि, पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया. इस मामले में पुलिस ने बंगाली साव उर्फ बबलू साव (पिता गंगो साव) तथा सुनील राणा (पिता कैलाश राणा) को नामजद आरोपी बनाया है. दोनों आरोपियों के विरुद्ध बरही थाना में अवैध मादक पदार्थ के भंडारण एवं तस्करी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एसडीपीओ ने बताया कि बरामद डोडा की उत्पत्ति तथा इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी, इसकी जांच की जा रही है. साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. उल्लेखनीय है कि डोडा भंडारण के मामलों में धमना पंचायत पूर्व में भी सुर्खियों में रहा है. छापेमारी दल में एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, पुनि सह थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस आरक्षी निरीक्षक सुमित साव, कपुल दीपक नाग, सुशील कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

ALSO READ: जमशेदपुर हत्याकांड पर भाजपा का हमला, आदित्य साहू बोले- पुलिस असली आरोपियों को बचाने में लगी


