Palamu: जिले के पांडू प्रखंड अंतर्गत रतनाग ग्राम पंचायत के ओबरा गांव में गुरुवार को वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से पांडू और विश्रामपुर क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. गुरुवार को बारिश के दौरान ओबरा गांव निवासी आनंद भुइया (पिता- ललन भुइया), सोनू भुइया (पिता- सागर भुइया) और करमू भुइया (पिता- रामश्रेयस भुइया) एक पेड़ के नीचे बैठकर मोबाइल चला रहे थे. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से तीनों उसकी चपेट में आ गए.
एक की मौके पर मौत, दो का इलाज जारी
वज्रपात इतना तेज था कि आनंद भुइया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं सोनू भुइया और करमू भुइया गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी. हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

मौसम विभाग की अपील
लगातार खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान पेड़ के नीचे शरण लेने से बचें. साथ ही खुले स्थानों पर मोबाइल का उपयोग न करें और सुरक्षित भवनों के अंदर ही रहें, ताकि वज्रपात जैसी घटनाओं से बचा जा सके.
ALSO READ : हजारीबाग: मानवता का संबल बनेगी रेड क्रॉस सोसाइटी, रोटरी क्लब ने भेंट किया अत्याधुनिक डेड बॉडी फ्रीजर


