रांची के कोकर चौक के पास जोरदार धमाका, दुकान और घरों के शीशे टूटे, जांच में जुटी पुलिस

Ranchi: राजधानी के व्यस्त इलाकों में से एक कोकर चौक के समीप भारत पेट्रोल पंप के पास अचानक हुए एक जोरदार धमाके...

Ranchi: राजधानी के व्यस्त इलाकों में से एक कोकर चौक के समीप भारत पेट्रोल पंप के पास अचानक हुए एक जोरदार धमाके से अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. मंगलवार की रात हुई धमाका इतना तेज था कि आसपास की दुकानों और मकानों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए. आवाज सुनते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए और सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई.

स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई. इसके प्रभाव से आसपास की कई इमारतों में कंपन महसूस किया गया और दुकानों के शीशे टूटकर सड़क पर बिखर गए. हादसे के वक्त बाजार में लोगों की आवाजाही थी, जिससे कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया.

धमाके के कारण का अब तक पता नहीं

धमाका किस वजह से हुआ, इसकी सटीक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ पाई है. शुरुआती आशंकाओं के तहत इसे सिलिंडर ब्लास्ट, ट्रांसफार्मर में गड़बड़ी या फिर किसी विस्फोटक सामग्री का नतीजा माना जा रहा है. हालांकि, आधिकारिक तौर पर अभी किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की गई है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके को सील कर दिया गया. पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अफवाह न फैले. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया जा रहा है ताकि ब्लास्ट स्थल से सैंपल एकत्रित किए जा सकें. पुलिस आसपास लगी दुकानों और इमारतों के सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि धमाके से ठीक पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच के बाद ही धमाके के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *