Jamtara: शहर के व्यस्ततम इलाके में जमीन हड़पने की नीयत से एक प्रमुख व्यवसायी द्वारा रातों-रात मुख्य सड़क को बाधित करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामला जामताड़ा टावर चौक से गर्ल्स स्कूल होते हुए न्यूटन टाउन जाने वाले मुख्य मार्ग का है, जहाँ एक रसूखदार व्यवसायी ने करीब 70 से 80 ट्रैक्टर मिट्टी डंप करवाकर आधा रास्ते को ब्लॉक कर दिया.
जेसीबी लगाकर हटाई गई मिट्टी, आवागमन कराया सुचारू
अतिक्रमण और सड़क जाम की सूचना पर जामताड़ा के अंचलाधिकारी (CO) अवेश्वर मुर्मू, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेल और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे. अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर जेसीबी मशीनें मंगवाईं और सड़क पर अवैध रूप से गिराई गई मिट्टी को हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कराया. कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क को दोबारा आम जनता के आवागमन के लिए पूरी तरह बहाल किया जा सका.

दोषी व्यवसायी पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे कृत्य के पीछे जमीन हड़पने की सोची-समझी साजिश थी. मामले की पुष्टि करते हुए नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेलने बताया:
“हमें शिकायत मिली थी कि ‘मोहनी स्टोर्स’ के संचालक द्वारा गर्ल्स स्कूल वाले मार्ग पर अवैध रूप से भारी मात्रा में मिट्टी गिराकर मुख्य रास्ते को पूरी तरह बाधित कर दिया गया है. इससे आम जनता और स्कूली बच्चियों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी. टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर मिट्टी हटाने का कार्य पूरा किया है.
ALSO READ: रांची: डूरंड कप-2026 की तैयारियों का DC ने लिया जायजा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश
इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है. वहीं, शहर के बीचों-बीच इस तरह के दुस्साहस को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और वे आरोपी व्यवसायी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की माँग कर रहे हैं


