Ranchi: देश के प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 की तैयारियों को लेकर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने आज मोरहाबादी स्थित फुटबॉल स्टेडियम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्टेडियम परिसर, दर्शक दीर्घा, प्रवेश और निकास द्वार, वीआईपी व खिलाड़ियों की आवाजाही, कंट्रोल रूम, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी कर ली जाएं.
यह भी पढ़ें: ED में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सात डिप्टी डायरेक्टर और तीन असिस्टेंट डायरेक्टर किए गए नियुक्त

सभी विभागों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट है और इसकी मेजबानी रांची के लिए गर्व की बात है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ एक टीम की तरह काम करने का निर्देश दिया, ताकि टूर्नामेंट सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आयोजित हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी. इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा. उन्होंने जरूरत पड़ने पर डायवर्जन, दिशा संकेतक (साइनेज), पार्किंग व्यवस्था और यातायात पुलिस की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही चिन्हित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया और उन्हें व्यवस्थित रूप से विकसित करने को कहा.

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी ने सबसे कम उम्र में रचा इतिहास, 15 साल 99 दिन की उम्र में भारत के लिए किया डेब्यू
स्वास्थ्य विभाग रहे अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग को मैच के दौरान एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम, प्राथमिक उपचार केंद्र और जरूरी जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अलावा अग्निशमन, बिजली और अन्य आपातकालीन सेवाओं को भी पूरी तरह तैयार रखने को कहा गया. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त संजय भगत, पुलिस अधीक्षक (यातायात), सदर एसडीओ, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), खेल विभाग के अधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित कई संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


