Gumla: चैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्ही बेंदोरा गांव निवासी 29 वर्षीय विभीषण तुरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
पत्नी बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गई
जानकारी के अनुसार विभीषण ने प्रेरणा कुमारी से प्रेम विवाह किया था, दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं. विभीषण रांची में मजदूरी करता था, तीन दिन पहले उसकी पत्नी बच्चों को लेकर बसिया प्रखंड के जुगो टोली निवासी एक युवक के साथ चली गई थी. घटना की जानकारी मिलने पर विभीषण गांव पहुंचा और पत्नी व बच्चों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. बहनोई संजीत महली ने बताया कि पत्नी का मोबाइल भी बंद था, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया.

शराब पीने के बाद उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों के अनुसार मानसिक तनाव से परेशान विभीषण ने शराब पी, इसके बाद उसने अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ALSO READ: पलामू: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का 30वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
पुलिस कर रही मामले की जांच
चैनपुर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में घर छोड़कर गई और घटना के पीछे अन्य कोई कारण तो नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


