Chatra: सरकारी सेवा में वर्षों तक ईमानदारी, निष्ठा और सादगी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले कर्मचारियों का सम्मान किसी भी संस्थान की कार्य संस्कृति का परिचायक होता है. ऐसा ही भावुक और प्रेरणादायी दृश्य चतरा सदर अनुमंडल कार्यालय में देखने को मिला, जहां सदर अनुमंडल कार्यालय के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी (अरदली) मोहम्मद जफीर के लगभग 30 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित सेवा पूर्ण होने पर उनके सम्मान में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जहूर आलम सहित कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मोहम्मद जफीर के लंबे सेवाकाल, उनकी ईमानदारी, समयपालन, सरल स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी. वक्ताओं ने कहा कि जफीर ने अपने पूरे सेवाकाल में कभी भी अपने दायित्वों से समझौता नहीं किया और अपने विनम्र व्यवहार से सभी का दिल जीता. उनके शांत, सरल और सहयोगी व्यक्तित्व ने उन्हें कार्यालय परिवार का अभिन्न सदस्य बना दिया.
विदाई समारोह में परिवार भी हुआ भावुक, सम्मान से नम हुईं आंखें
समारोह के दौरान मोहम्मद जफीर के जीवन और सेवाकाल से जुड़े कई संस्मरण साझा किए गए. सहकर्मियों ने कहा कि उन्होंने हर परिस्थिति में मुस्कुराते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और कभी किसी को शिकायत का अवसर नहीं दिया. यही कारण है कि उनकी विदाई केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे कार्यालय परिवार के लिए भावनात्मक पल बन गई. इस अवसर पर मोहम्मद जफीर की दोनों पत्नियां एवं उनके बच्चे भी समारोह में शामिल हुए. अपने पति और पिता को सम्मानित होते देखकर पूरा परिवार भावुक हो उठा. समारोह का माहौल उस समय और भी मार्मिक हो गया जब परिवार के सदस्यों की आंखें नम हो गईं और उपस्थित कर्मचारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच जफीर के योगदान का सम्मान किया.

SDO ने प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित, खुद घर तक छोड़ने पहुंचे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जहूर आलम ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है. उन्होंने मोहम्मद जफीर को स्वस्थ, शांतिपूर्ण और सुखद जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुशासन, सादगी और कार्य के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा. SDO ने उनके उत्कृष्ट सेवाकाल के सम्मान में प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया. इसके साथ ही मोहम्मद जफीर एवं उनकी दोनों पत्नियों को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, फूलों की माला पहनाकर एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया. समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब एसडीओ मोहम्मद जहूर आलम स्वयं कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारी मोहम्मद जफीर को उनके घर तक छोड़ने पहुंचे. लोगों ने इसे प्रशासन की संवेदनशील कार्य संस्कृति और कर्मचारियों के प्रति सम्मान की उत्कृष्ट मिसाल बताया.
ALSO READ: पलामू: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का 30वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया
इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक वासुदेव राम, जनार्दन प्रसाद, उर्दू टाइपिस्ट बबीता कुमारी, LDC अफसरा परवीन, रामू कुमार, बिरजू प्रसाद मेहता, रामव्रत रविदास, प्रधान सहायक मोहम्मद जावेद हुसैन, अशोक कुमार, पप्पू रजक, शंकर राम, तारामणि वर्मा, संगीता देवी, रूपा देवी, अखिलेश मोहन सहित अनुमंडल कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने मोहम्मद जफीर के स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.


