Newswave Desk: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को अर्जेंटीना और इजिप्ट के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मैच में अर्जेंटीना ने 0-2 से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत दर्ज की. जीत के बाद टीम के कप्तान लियोनेल मेसी भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू थे. उन्होंने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद खास है.
चार मिनट बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली
मुकाबले की शुरुआत इजिप्ट के नाम रही. 15वें मिनट में यासिर इब्राहिम ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई. इसके चार मिनट बाद अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली, लेकिन लियोनेल मेसी इस सुनहरे मौके को गोल में नहीं बदल सके. पहले हाफ तक इजिप्ट 1-0 से आगे रहा.

दूसरे हाफ में 67वें मिनट पर मुस्तफा जीको ने गोल कर इजिप्ट की बढ़त 2-0 कर दी. इसके बाद अर्जेंटीना ने जोरदार वापसी की. 79वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो ने हेडर के जरिए पहला गोल किया. इसके चार मिनट बाद यानी 83वें मिनट में मेसी ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया. मैच में सात मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया. इसी दौरान 93वें मिनट में एंजो फर्नांडीज ने निर्णायक गोल कर अर्जेंटीना को 3-2 की यादगार जीत दिला दी.
मेसी ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया
इस मुकाबले में गोल करने के साथ ही लियोनेल मेसी ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. वह एक ही फीफा वर्ल्ड कप में 8 गोल करने वाले अर्जेंटीना के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले 1930 के पहले वर्ल्ड कप में गुइलेर्मो स्टैबिले ने यह उपलब्धि हासिल की थी. अब मेसी ने उनके रिकॉर्ड की बराबरी कर ली.


