Chakardharpur: चक्रधरपुर के चांदमारी स्थित मट्टी पहाड़ क्षेत्र की सड़क पिछले 22 वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ी है. वर्ष 2004 में निर्मित यह सड़क आज पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और कीचड़ जमा रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि बरसात के दिनों में सड़क से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है और कई लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं.
ग्रामीण चंदा उठा कर रहे सड़क की मरम्मत
सड़क की मरम्मत को लेकर वर्षों से प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किए जाने के बावजूद कोई पहल नहीं होने से स्थानीय लोगों का सब्र जवाब दे गया. इसके बाद ग्रामीणों और युवाओं ने स्वयं आगे आकर आसपास के घरों से चंदा एकत्रित किया तथा श्रमदान के माध्यम से सड़क की मरम्मत शुरू कर दी. ग्रामीण ईंट, पत्थर और मिट्टी डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाने का प्रयास कर रहे हैं.

सुधार के वादे तो हुए मगर सुधार नहीं
श्रमदान में जुटे युवाओं ने बताया कि सड़क निर्माण के बाद से अब तक इसकी समुचित मरम्मत नहीं हुई है. कई जनप्रतिनिधि चुनाव के दौरान सड़क सुधार का आश्वासन देते रहे, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद समस्या जस की तस बनी रही.
प्रशासन को सूचित करने पर नहीं हुई कोई पहल
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि बरसात में सड़क की हालत अत्यंत खराब हो जाती है. कीचड़ और गड्ढों के कारण कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि कुछ लोगों के हाथ-पैर तक टूट चुके हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब स्थायी सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.
ALSO READ : रांची की कांवड़ यात्रा 25 जुलाई 2026 से होगी प्रारंभ, बढ़ रही है श्रद्धालुओं की संख्या


