Hazaribagh: दारू प्रखंड के दारु खैरका निवासी युवा फिल्मकार एवं कलाकार पंकज हिन्दुस्तानी (पिता रामचंद्र प्रसाद) की 12 मिनट की लघु फिल्म ‘यू आर हैक्ड’ को दादा साहेब फाल्के अंतरराष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह 2027 के लिए नामांकित किया गया है. इस उपलब्धि से दारू क्षेत्र सहित पूरे जिले के कला एवं फिल्म जगत में खुशी का माहौल है.
पूरे क्षेत्र के कलाकारों के लिए गर्व का विषय
पंकज हिन्दुस्तानी ने बताया कि उन्हें इस नामांकन की जानकारी नामांकित पत्र के माध्यम से दी गई है. उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के कलाकारों के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में भी वे सामाजिक सरोकारों से जुड़ी बेहतर फिल्में बनाने का प्रयास जारी रखेंगे.

दर्जनों लघु फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं पंकज हिन्दुस्तानी
बता दें, पंकज हिन्दुस्तानी इससे पूर्व भी समाज के विभिन्न मुद्दों पर आधारित दर्जनों लघु फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं. उनकी फिल्मों को विभिन्न मंचों पर सराहना मिल चुकी है. सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की उनकी शैली को दर्शकों ने काफी पसंद किया है. उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय कलाकारों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. लोगों का कहना है कि पंकज हिन्दुस्तानी एक प्रतिभाशाली कलाकार हैं, जिनमें अभिनय, लेखन और निर्देशन की अद्भुत क्षमता है. उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी फिल्म और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
यह भी पढ़ें: गुमला: खाद्य मानकों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई, गुमला में विभाग ने चलाया अभियान


