Jamshedpur : शहर के मानगो में बुधवार रात हुए चर्चित राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे समेत कई अन्य आरोपियों ने देर रात जमशेदपुर पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया. सरेंडर के बाद मुख्य आरोपी ने पुलिस के सामने हत्या की वजह बताते हुए कई चौंकाने वाले दावे किए. इसके बाद पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए साहेब सिंह समेत तीन आरोपियों को रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट क्षेत्र में लेकर पहुंची.
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल और एक खाली पिस्टल बरामद की. इसी दौरान मुख्य आरोपी साहेब सिंह उर्फ शब्बे ने भागने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि उसने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इस दौरान सब-इंस्पेक्टर संजय की फायरिंग में शब्बे के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है.


सरेंडर करने के बाद कहा था ईंट-पत्थर से मार डाला, जान बचाने के लिए उठाया कदम
सरेंडर के बाद मुख्य आरोपी ने पुलिस को बताया कि राहुल बच्चा लगातार उसकी और उसके भाइयों की रेकी कर रहा था. आरोपी के अनुसार, राहुल ने दो बार उसकी रेकी की थी. इससे पहले बंगाल क्लब के पास उस पर गोली भी चलाई थी. करीब तीन-चार महीने पहले डिमना चौक पर 50 से 60 लोगों ने उसका पीछा किया था, लेकिन तब भी उसने राहुल पर हमला नहीं किया.
आरोपी ने कहा कि इस बार स्थिति ऐसी बन गई थी कि अपनी जान बचाने के लिए उन्हें यह कदम उठाना पड़ा. उसने दावा किया कि राहुल को गोली नहीं मारी गई, बल्कि ईंट-पत्थर से मारकर उसकी हत्या की गई.

हत्या का पछतावा है, पर कोई और रास्ता नहीं था
पूछताछ के दौरान आरोपी साहेब सिंह ने कहा कि राहुल बच्चा से उसकी कोई निजी दुश्मनी नहीं थी, लेकिन आत्मरक्षा में यह कदम उठाना पड़ा. आरोपी ने कहा कि उसे इस घटना का पछतावा है, लेकिन अगर वे राहुल को नहीं मारते, तो वह उसके तीनों भाइयों में से किसी एक की हत्या कर देता. आरोपी के अनुसार, इसी डर के कारण उन्होंने कानून के सामने सरेंडर करने का फैसला किया.

त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग और छह महीने पुरानी दुश्मनी बनी हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड की जड़ में त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग है. राहुल सिंह और ओलीडीह ओपी क्षेत्र निवासी साहेब सिंह उर्फ शब्बे के बीच मानगो पोस्ट ऑफिस रोड की एक युवती को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों एक ही युवती के संपर्क में थे, जिसके कारण उनके बीच तनाव लगातार बढ़ता गया.
पुलिस के अनुसार, जिस युवती को लेकर यह खूनी संघर्ष हुआ, वह पहले किसी तीसरे युवक के साथ रिश्ते में थी. करीब छह महीने पहले भी इसी विवाद को लेकर राहुल बच्चा ने सरेआम सब्बे पर पिस्तौल तान दी थी, लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था. पुलिस का मानना है कि उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया. संयोग से घटना स्थल भी उस युवती के घर से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है.
ALSO READ: सिमडेगा : सड़क की बदहाली पर फूटा आक्रोश, एक सप्ताह में काम शुरू नहीं हुआ तो शिक्षक करेंगे आंदोलन


