Ranchi : राज्य का कोई भी जिला अब तक सामान्य बारिश का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाया है. पूरे झारखंड अब तक औसत से 37 फीसदी कम बारिश हुई है. मानसून की सबसे ज्यादा मार गढ़वा और चतरा पर पड़ी है. इन क्षेत्रों में बारिश की कमी ने कृषि कार्यों को काफी प्रभावित किया है. गढ़वा में महज 49.8 मिलीमीटर बारिश हुई है. जबकि सामान्य बारिश 205.3 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. यहां बारिश में 76% की कमी दर्ज की गई है. चतरा में 245.4 मिमी की जगह केवल 55 मिमी बारिश हुई है. जो सामान्य से 78% कम है. गोड्डा में 66% और पाकुड़ में 63% कम बारिश हुई है.
इन जिलों में भी हाल बेहाल
कोडरमा में 60%, देवघर में-53%, लातेहार में 48% और लोहरदगा में 48% की कमी दर्ज की गई है. खूंटी और हजारीबाग में सामान्य से 45% कम पानी बरसा है. वहीं, पूर्वी सिंहभूम 47%, गिरिडीह 40% और जामताड़ा में 40% कम बारिश हुई है. राजधानी रांची में 251.7 मिमी बारिश दर्ज की गई है. सामान्य 284 मिलीमीटर के मुकाबले यहां 11% की कमी है. गुमला में 17, दुमका में 16 और पश्चिमी सिंहभूम में 23 फीसदी कम बारिश हुई है.

अब तक औसत बारिश 172.4 मिलीमीटर
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में हवाओं का रुख और नमी में कमी के कारण बारिश का वितरण असमान रहा है. राज्य का कुल औसत 172.4 मिलीमीटर ही रहा है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि तक 274.9 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. इस हिसाब से अब तक राज्य में औसत से 37 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है.
ALSO READ : झारखंड में मानसून एक्टिव, राज्यभर में अगले 5 दिनों तक झमाझम बारिश के आसार


