Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की धीमी रफ्तार पर चिंता जताई है. पार्टी के नेताओं ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के माध्यम से चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर वोटर लिस्ट अपडेट करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय देने की मांग की. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रांची, हटिया, धनबाद, झरिया और बोकारो जैसे बड़े विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म बांटने और उनका डिजिटाइजेशन काफी धीमी गति से हो रहा है. इससे कई पात्र मतदाताओं के छूट जाने की आशंका है. पार्टी के अनुसार अब तक रांची में सिर्फ 4.14%, हटिया में 8.48%, धनबाद में 4.78%, झरिया में 5.96% और बोकारो में 11.56% फॉर्म का डिजिटाइजेशन हो सका है. प्रदेश कांग्रेस महासचिव सूर्यकांत शुक्ला, मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव और सोशल मीडिया के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण का काम 30 जून से 29 जुलाई तक चलना है, लेकिन बड़े शहरों में इसकी रफ्तार काफी धीमी है.

समय बढ़ाने की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि एन्यूमरेशन फेज की अंतिम तिथि 29 जुलाई से बढ़ाकर 13 अगस्त कर दी जाए, ताकि सभी पात्र मतदाताओं को फॉर्म भरने और अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का पर्याप्त समय मिल सके. पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में किसी भी योग्य मतदाता का वोट छूटना नहीं चाहिए.



