Giridih: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने अपने कार्यालय कक्ष में नगर निगम के अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की. बैठक में नगर निगम क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, वार्डवार सफाई कार्यों की प्रगति, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा नागरिकों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम-यू) के प्रतिनिधि, आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि तथा नगर निगम के सभी सफाई सर्किल प्रभारी मौजूद रहे.

स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं
नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने सभी अधिकारियों और सफाई प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए तथा कहीं भी कचरे का अनावश्यक जमाव नहीं होने दिया जाए. साथ ही नागरिकों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित समाधान करने पर भी विशेष जोर दिया. उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, मुख्य सड़कों, नालियों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए.

आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का दिया गया निर्देश
नगर आयुक्त ने आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधियों को भी निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवा देने और समय-समय पर कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा. बैठक के दौरान सभी सफाई सर्किल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, सफाई कर्मियों की उपस्थिति और कार्य निष्पादन की सतत मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
नियमित समीक्षा बैठकें की जाएंगी आयोजित
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी और वार्डवार सफाई कार्यों का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा.
ALSO READ : सरायकेला: मानसून की पहली बारिश से मानगो-कपाली जलमग्न, लोगों की बढ़ी मुश्किलें


