Giridih: जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया अंचल के बाल्हेडीह जंगल में संचालित अवैध पत्थर खदान पर छापेमारी की. शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर मौके से करोड़ों रुपये मूल्य की भारी मशीनों और उपकरणों को जब्त किया. कार्रवाई के दौरान छह लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि कई अन्य लोगों के फरार होने की सूचना है.
एसडीओ संतोष गुप्ता के नेतृत्व में चला अभियान
जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त अभियान एसडीओ संतोष गुप्ता के नेतृत्व में चलाया गया. अभियान में एसडीपीओ धनंजय राम, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सुरक्षा बल शामिल रहे.

पुलिस ने उत्खनन कार्य को तत्काल बंद करा दिया
भारी पुलिस बल के साथ जंगल में पहुंची टीम ने अवैध रूप से संचालित पत्थर खदान को चारों ओर से घेर लिया और मौके पर चल रहे उत्खनन कार्य को तत्काल बंद करा दिया. छापेमारी के दौरान पत्थर खनन में इस्तेमाल की जा रही भारी मशीनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों को जब्त किया गया.अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और अवैध खनन से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है. हिरासत में लिए गए छह लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच में अवैध खदान के संचालन में ताजुद्दीन अंसारी, नरेश पासवान और सुरेश नायक की भूमिका सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस सभी की भूमिका की जांच कर रही है और अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है.बताया जा रहा है कि बाल्हेडीह जंगल में लंबे समय से अवैध पत्थर उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं. शिकायतों के सत्यापन के बाद प्रशासन ने योजनाबद्ध तरीके से यह कार्रवाई की. अचानक हुई छापेमारी से अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया.प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. जांच के आधार पर अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: चक्रधरपुर: बंदगांव मंडल भाजपा की मासिक बैठक संपन्न. संगठन विस्तार और कार्यक्रमों पर हुई चर्चा


