Hazaribagh : कटकमसांडी अंचल में भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र (LPC) जारी होने के बावजूद उसी जमीन के दाखिल-खारिज आवेदन को अंचल कार्यालय द्वारा अस्वीकृत किए जाने का मामला सामने आया है. इस पूरे प्रकरण को लेकर एडुका वैली पब्लिक स्कूल के अध्यक्ष मो. शाहिद ने उपायुक्त हेमंत सती को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, अतिया रोमी स्थित विद्यालय परिसर के विस्तार के लिए नगिया देवी (पति स्व. तापेश्वर साव) से 2 जुलाई 2025 को पांच डिसमिल जमीन खरीदी गई थी. उक्त जमीन का केवाला संख्या 7128 है. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि अंचलाधिकारी ने 22 फरवरी 2025 को LPC संख्या-250 जारी किया था, लेकिन इसके बाद दाखिल-खारिज वाद संख्या 3325/25-26 को खारिज कर दिया गया.
एक ही जमीन पर अलग-अलग निर्णय का आरोप
स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि जिस खाता-प्लॉट की जमीन पर उनके दाखिल-खारिज आवेदन को अस्वीकृत किया गया, उसी जमीन का दाखिल-खारिज एक जमीन कारोबारी के पक्ष में स्वीकृत कर दिया गया. इससे प्रशासनिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि खरीदी गई जमीन का उपयोग बच्चों के खेलकूद और विद्यालय विस्तार के लिए किया जाना है. लेकिन दाखिल-खारिज नहीं होने और चारदीवारी का निर्माण अटकने से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.

DC से जांच की मांग
मो. शाहिद ने बताया कि मामले को लेकर अंचलाधिकारी से मिलने पर उन्हें भूमि उपसमाहर्ता से संपर्क करने की सलाह दी गई. इसके बाद उन्होंने उपायुक्त को आवेदन देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में अंचलाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि मामले की जानकारी राजस्व कर्मचारी से ली जाएगी. उन्होंने बताया कि संबंधित जमीन का दाखिल-खारिज पूर्व में अस्वीकृत किया जा चुका है, इसलिए वर्तमान में इसे स्वीकृत नहीं किया जा सकता. विद्यालय प्रबंधन ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई की मांग की है.
Also Read : झारखंड में मानसून सक्रिय, अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश के आसार, अलर्ट जारी


