-
जुलूस को लेकर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी मालवाहक वाहनों की ‘नो-एंट्री’; पुलिस ने आम जनता से विशेष परिस्थिति में ही 4-व्हीलर निकालने की अपील की
Ranchi: राजधानी में बुधवार (26 अगस्त) को ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को लेकर यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं. दोपहर 12:00 बजे से लेकर कार्यक्रम की समाप्ति तक मेन रोड समेत जुलूस मार्ग से जुड़े कई प्रमुख इलाकों में सामान्य और सवारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. वहीं, शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए सुबह 6:00 बजे से लेकर रात 12:00 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगा दी गई है. ट्रैफिक एसपी कार्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार, कांटाटोली चौक, राजेंद्र चौक, सुजाता चौक, सर्जना चौक और अल्बर्ट एक्का चौक आदि क्षेत्रों से जुलूस निकाला जाएगा. जुलूस के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और व्यवस्था सुगम बनी रहे, इसके लिए शहर भर में रूट डायवर्जन और नो-एंट्री लागू की गई है.

दोपहर 12 बजे से इन प्रमुख मार्गों पर बंद रहेगा परिचालन
जुलूस समाप्ति तक छोटे-बड़े मालवाहक, ऑटो, ई-रिक्शा (टोटो) और अन्य सवारी वाहनों के लिए निम्नलिखित मार्ग पूरी तरह वर्जित रहेंगे:
* सर्जना चौक से राजेंद्र चौक मार्ग: भाया वूल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपी, सुजाता चौक और बिग बाजार चौक.
* कांटाटोली से पथलकुदवा चौक मार्ग: भाया कुम्हार टोली एवं नया टोली.
* प्लाजा चौक से मिशन चौक तक का मार्ग.
* मिशन चौक से कर्बला चौक तक का मार्ग.
* कर्बला चौक से काली मंदिर/वूल हाउस की ओर आने वाले सभी संपर्क मार्ग.
यह भी पढ़ें: जैक में नेतृत्व का संकट! डेढ़ साल से उपाध्यक्ष की कुर्सी खाली, 19 में 13 सदस्यों के पद भी नहीं भरे
भारी वाहन रिंग रोड से गुजरेंगे
* नो-एंट्री का समय: 26 अगस्त को प्रातः 06:00 बजे से मध्यरात्रि 12:00 बजे तक शहर में किसी भी भारी मालवाहक वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
वैकल्पिक मार्ग
सभी भारी वाहन गंतव्य तक जाने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे.
यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विधि-व्यवस्था और भीड़ के दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार कुछ अन्य मार्गों पर भी अल्प समय के लिए वाहनों का परिचालन रोका या डायवर्ट किया जा सकता है. प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि कार्यक्रम और भीड़ को देखते हुए बहुत आवश्यक या विशेष परिस्थिति में ही निजी चारपहिया (कार आदि) वाहनों का उपयोग करें, ताकि मुख्य मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने.

