Jamtara: जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), पबिया, जामताड़ा में आज एक गरिमामय स्वागत -सह- विदाई समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जामताड़ा चार्ल्स हेंब्रम ने डायट के 55वें प्राचार्य के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया. उन्होंने पूर्व प्राचार्य-सह-अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सुरेश महतो से पद एवं कार्यभार ग्रहण किया. इस अवसर पर संस्थान के बहुउद्देशीय भवन में आयोजित समारोह में संकाय सदस्यों, कार्यालय कर्मियों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही.
समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की
इस अवसर पर अपने स्वागत संबोधन में नवपदस्थापित प्राचार्य-सह-जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम ने संस्थान के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. उन्होंने डायट में संचालित विभिन्न शिक्षक-प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शैक्षिक नवाचारों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित जिला स्तरीय गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता डायट की कार्यसंस्कृति को और सुदृढ़ करना, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण को बढ़ावा देना तथा संस्थान को राज्य स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाना होगी. उन्होंने सभी संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों को विश्वास दिलाया कि वे सहयोगात्मक नेतृत्व, पारदर्शिता एवं टीमवर्क की भावना के साथ कार्य करेंगे. कार्यक्रम का सफल संचालन दैनिक प्रभारी कृष्णानंद ने किया. उन्होंने पूर्व प्राचार्य को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की तथा नवप्राचार्य का आत्मीय स्वागत किया.
अंगवस्त्र प्रदान कर आत्मीय स्वागत
समारोह के दौरान सभी संकाय सदस्यों एवं कार्यालय कर्मियों द्वारा प्राचार्य सुरेश महतो तथा नवप्राचार्य चार्ल्स हेंब्रम को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर आत्मीय स्वागत किया गया एवं प्रतीक-चिह्न एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का समापन सुबोध कुमार द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. उन्होंने सभी अतिथियों, संकाय सदस्यों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह की सफलता के लिए सभी के सहयोग की सराहना की. इस अवसर पर भवेश चौधरी शरत चंद्र गोस्वामी समीर कुमार बनलता गोराई, शिवशंकर सोरेन आदि उपस्थित थे.
AlsoRead:रांची: सिल्ली-मुरी रेलखंड पर दो अज्ञात शव मिलने से सनसनी, पहचान के लिए पुलिस ने मांगी जनता की मदद
