Ranchi: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर रांची के BNR होटल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जनसंख्या को बोझ नहीं, बल्कि राज्य और देश की सबसे बड़ी जनशक्ति के रूप में देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर जनसंख्या को विकास की सबसे बड़ी ताकत बनाया जा सकता है.
‘जनसंख्या नहीं, जनशक्ति बने झारखंड की पहचान’
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि “जनसंख्या नहीं, जनशक्ति बने झारखंड की पहचान” राज्य सरकार की कार्यनीति है. सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, माताओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा युवाओं को बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना है.

हर जिले में बनेंगे अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी जिलों में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए अत्याधुनिक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल विकसित किए जाएंगे. इन अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव, नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल, महिलाओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से युक्त सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी और महिलाओं को अपने जिले में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा.
परिवार कल्याण का उद्देश्य स्वस्थ और समृद्ध समाज
डॉ. अंसारी ने कहा कि परिवार कल्याण का उद्देश्य केवल जनसंख्या नियंत्रण नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार को स्वस्थ, शिक्षित, सुरक्षित और समृद्ध बनाना है. महिलाओं का सशक्तिकरण, किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता, आधुनिक परिवार नियोजन सेवाओं की उपलब्धता तथा प्रत्येक गर्भवती महिला को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है.
ALSO READ: जनसंख्या नहीं, जनशक्ति बनेगी झारखंड की पहचान : डॉ. इरफान अंसारी
स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग राज्य के प्रत्येक जिले और गांव तक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, सहिया बहनें तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.


