Ranchi : जिले के सिल्ली-मुरी रेलखंड पर दो अलग-अलग स्थानों से अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कराने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की है. पहली घटना मुरी ओ.पी. क्षेत्र के ग्राम लगाम स्थित रेलवे फाटक के समीप की है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही मुरी ओ.पी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी.
सिल्ली थाना क्षेत्र के कोचाजारा के पास हुई दूसरी घटना
दूसरी घटना सिल्ली थाना क्षेत्र के कोचाजारा के पास रेलवे पोल संख्या 361/15 के समीप हुई, जहां रेलवे पटरी के किनारे एक अज्ञात शव मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी.

दोनों मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतकों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है. आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी की जानकारी हो या शव की पहचान हो सके, तो तत्काल संबंधित थाना या मुरी ओ.पी. को सूचना दें, ताकि मृतकों की शिनाख्त कर आगे की कार्रवाई की जा सके.फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है. मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
ALSO READ:जामताड़ा में कर्मचारियों का हुंकार, OPS-स्थायीकरण की मांग तेज
