Click Here
Click Here
Click Here

श्रावणी मेला को लेकर गिरिडीह पुलिस अलर्ट, अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने दिए सख्त निर्देश

Giridih: आगामी श्रावणी मेला-2026 के मद्देनजर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. शनिवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता...

श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर अपराध समीक्षा बैठक करते गिरिडीह पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधिकारी
श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर अपराध समीक्षा बैठक

Giridih: आगामी श्रावणी मेला-2026 के मद्देनजर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है. शनिवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में उनके कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित आपराधिक मामलों की समीक्षा, तकनीकी अनुसंधान की प्रगति तथा श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक एवं थाना तथा ओपी प्रभारी मौजूद रहे.

श्रावणी मेला की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. उन्होंने कांवरिया पथ और प्रमुख शिवालयों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की नियुक्ति तथा आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए. साथ ही सभी अधिकारियों को सतर्क एवं सक्रिय रहकर किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम सुनिश्चित करने को कहा गया.

लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और महिला सुरक्षा पर फोकस

अपराध समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी लंबित कांडों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर शीघ्र निष्पादन करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक मामले की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके. महिला सुरक्षा को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई. पुलिस अधीक्षक ने महिला उत्पीड़न एवं महिला संबंधी अपराधों के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने का निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि महिलाओं से जुड़े मामलों की संवेदनशीलता के साथ जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

ALSO READ: साई नाथ यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा ने की आत्महत्या, प्रेम संबंध में धोखे का आरोप

वारंट निष्पादन, रात्रि गश्ती और पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग पर निर्देश

बैठक में न्यायालय से प्राप्त वारंट एवं कुर्की आदेशों के शत-प्रतिशत निष्पादन पर भी बल दिया गया. इसके अलावा लंबित पासपोर्ट सत्यापन एवं चरित्र सत्यापन के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े. पुलिस अधीक्षक ने जिले में रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए पेशेवर अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने को कहा. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी तथा खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने का निर्देश दिया.

बैठक के दौरान आम जनता से प्राप्त शिकायतों एवं विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों का त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा ‘पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग’ की अवधारणा को व्यवहार में उतारने का निर्देश दिया. बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरिडीह पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण, न्याय प्रक्रिया को तेज करने तथा श्रावणी मेला को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *