Giridih: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं बेंगाबाद प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और घर-घर जाकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया.
उपायुक्त ने मतदाताओं से सीधा संवाद किया
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने मतदाताओं से सीधा संवाद किया और गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली. उन्होंने स्वयं भी गणना प्रपत्र भरकर पूरी व्यवस्था को समझा और अभियान से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति का आकलन किया.डोर-टू-डोर निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ (BLO) और बीएलओ सुपरवाइजरों से गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि रविवार शाम तक हर हाल में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जाए.
‘लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी’
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि SIR-2026 अभियान की सफलता समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और त्रुटिरहित कार्य पर निर्भर करती है. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक गणना प्रपत्र का डिजिटाइजेशन पूरी सावधानी और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
‘सूची का नियमित अद्यतन होना बेहद जरूरी’
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है. इसलिए हर पात्र मतदाता का नाम सही तरीके से दर्ज होना और सूची का नियमित अद्यतन होना बेहद जरूरी है. उन्होंने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को अभियान के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहे.
समय-सीमा के भीतर सभी कार्य करने की कोशिश
जिले में SIR-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन, शुद्धिकरण और त्रुटिरहित निर्माण के लिए गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य तेजी से चल रहा है. जिला प्रशासन की ओर से लगातार इसकी समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जा सकें.
अभियान में सक्रिय सहयोग करने के अपील
इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें. उन्होंने मतदाताओं से गणना प्रपत्र समय पर भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराने और मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की.
ALSO READ: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव से पाकिस्तान और सऊदी अरब चिंता में, संवाद करने की अपील की
