Lohardaga: जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत उगरा पंचायत के भगत टोली गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक परिवार ने अपनी बहू पर घरेलू विवाद के बाद पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की नीयत से भोजन और पीने के पानी में कथित रूप से जहरीला पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. मामले को लेकर परिवार के सदस्यों ने सेन्हा थाना पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.
क्या है मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उगरा भगत टोली निवासी स्वर्गीय अदरा उरांव के पुत्र प्रभु उरांव के घर में यह घटना सामने आई. परिवार के लोगों का आरोप है कि प्रभु उरांव के पुत्र सुजीत उरांव की 26 वर्षीय पत्नी सोनामुनि उरांव ने घरेलू विवाद के बाद कथित रूप से परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से घर में बने भोजन और पीने के पानी में जहरीला पदार्थ मिला दिया और इसके बाद घर से फरार हो गई. बताया जा रहा है कि घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिवार के सदस्य भोजन करने और पानी पीने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें पानी और भोजन से कुछ असामान्य गंध महसूस हुई. संदेह होने पर परिवार के लोगों ने तत्काल भोजन और पानी का सेवन नहीं किया तथा इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और इलाके में दहशत तथा चर्चा का माहौल बन गया.
परिजनों ने की पुलिस से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों की सलाह और सतर्कता के कारण परिवार के किसी भी सदस्य ने भोजन नहीं किया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई. इसके बाद परिजन मामले को लेकर सीधे सेन्हा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए उचित कार्रवाई की मांग की. परिजनों के अनुसार, घटना की पृष्ठभूमि में घरेलू विवाद बताया जा रहा है. परिवार का कहना है कि सोनामुनि उरांव और उसकी ननद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान अंतरजातीय विवाह को लेकर भी बातचीत हुई थी. परिवार के सदस्यों के मुताबिक, घर के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने और विवाद को शांत कराने का प्रयास किया था तथा बहू को संयम बरतने की सलाह दी गई थी.
पुलिस कर रही मामले की जांच
परिवार का आरोप है कि इसी दौरान सोनामुनि उरांव को यह महसूस हुआ, कि परिवार के सभी सदस्य उसके खिलाफ हैं, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया. हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुलिस या किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है. घटना के संबंध में सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने बताया कि भोजन और पीने के पानी में जहरीला पदार्थ मिलाने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि भोजन और पानी के नमूनों की जांच सहित सभी पहलुओं पर पुलिस की नजर है और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और ग्रामीण पुलिस जांच के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: चक्रधरपुर: सालों पुरानी समस्या का होगा अंत! विजय नगर में जल निकासी के लिए ह्यूम पाइप लगाने का काम शुरू
