देवघर: जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी खबर सामने आई है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने शुक्रवार एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला भू-अर्जन कार्यालय में छापेमारी कर दो कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई रिंग रोड के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे की राशि जारी करने के बदले कमीशन मांगने के आरोप में की गई है. गिरफ्तार किए गए कर्मियों की पहचान निरंजन और नुनु देव के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, इन दोनों कर्मियों को उस समय दबोचा गया जब वे एक लाभुक से मुआवजे की कुल राशि का 5 प्रतिशत हिस्सा बतौर रिश्वत ले रहे थे. एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और उनके पास से रिश्वत की रकम भी बरामद की.

क्या है पूरा मामला?
देवघर में रिंग रोड परियोजना के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. नियमानुसार, जिन किसानों और भू-स्वामियों की जमीन ली गई है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाना है. आरोप है कि भू-अर्जन कार्यालय के ये कर्मी मुआवजे की राशि का भुगतान करने के एवज में लाभुकों से मोटी कमीशन की मांग कर रहे थे.
एक पीड़ित लाभुक ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका मुआवजा बकाया था, जिसे जारी करने के लिए कर्मी लगातार पैसों का दबाव बना रहे थे. एसीबी ने जब इस शिकायत का सत्यापन कराया, तो मामला सही पाया गया, जिसके बाद इस छापेमारी की योजना बनाई गई. जिसके बाद एसीबी की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया. एसीबी की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ दुमका ले गई है.

