Bokaro: पुलिस अधीक्षक बोकारो की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में जून 2026 में हुए कांडों के निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन, वारंट निष्पादन और जिले की विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई. बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आगामी रथ यात्रा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.
340 मामलों की तुलना में 595 कांडों का हुआ निष्पादन
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून माह में कुल 340 प्रतिवेदित कांडों की तुलना में 595 कांडों का निष्पादन किया गया. इनमें गुमशुदगी, अपहरण, महिला अपराध, बलात्कार, पोक्सो, एनडीपीएस, माइनिंग, हत्या, ठगी, साइबर अपराध, आर्म्स एक्ट, लूट और अन्य मामलों का निष्पादन शामिल है. जिले में जून माह में 275 अभियुक्तों के खिलाफ NBW, DW और PW का निष्पादन किया गया, जबकि 4 मामलों में कुर्की की कार्रवाई की गई.
पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन में बेहतर प्रदर्शन
बैठक में बताया गया कि पासपोर्ट से जुड़े 1358 मामलों और चरित्र सत्यापन से संबंधित 1586 मामलों का निष्पादन किया गया. बेहतर कार्य के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय रांची की ओर से बोकारो जिले को पुरस्कृत भी किया गया.वहीं CEIR पोर्टल के माध्यम से पिछले दो महीनों में 371 मोबाइल बरामद किए गए.
यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई
यातायात नियमों का पालन कराने के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया गया. नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए स्कूलों और चौक-चौराहों पर अभियान चलाया गया. नियमों का उल्लंघन करने वाले 4063 वाहनों से कुल 59 लाख 96 हजार 650 रुपये का चालान वसूला गया.
बेहतर अनुसंधान करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
बैठक के दौरान पांच से अधिक कांडों का सफल निष्पादन करने वाले छह अनुसंधानकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.इसके अलावा विभागीय कार्यवाही और जांच से जुड़े 12 मामलों का भी निष्पादन किया गया.
अपराध नियंत्रण को लेकर दिए गए निर्देश
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को मादक पदार्थ, अवैध शराब, गांजा, चैन छिनतई, चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.उन्होंने साइबर अपराध मामलों में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, मिसिंग मामलों में त्वरित कार्रवाई और अड्डाबाजी के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए.
रथ यात्रा और श्रावणी मेला को लेकर सतर्कता
आगामी 16 जुलाई को होने वाली रथ यात्रा और श्रावणी मेला-2026 को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने का निर्देश दिया गया. पुलिस अधिकारियों को रात में क्षेत्र भ्रमण करने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया. बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक चास, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
ALSO READ: चक्रधरपुर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
