Bokaro: सदर अस्पताल, बोकारो में जल्द ही कंगारू मदर केयर (KMC) वार्ड की स्थापना की जाएगी. यह वार्ड खासतौर पर कम वजन वाले और समय से पूर्व जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और उपचार के लिए विकसित किया जाएगा.
नवजातों के स्वास्थ्य और विकास में मिलेगी मदद
सिविल सर्जन, बोकारो ने बताया कि KMC वार्ड शुरू होने से कम वजन वाले नवजातों को वैज्ञानिक तरीके से बेहतर देखभाल उपलब्ध कराई जा सकेगी. कंगारू मदर केयर पद्धति से शिशुओं का शरीर का तापमान नियंत्रित रखने, स्तनपान को बढ़ावा देने, संक्रमण के खतरे को कम करने और उनके शारीरिक व मानसिक विकास में मदद मिलेगी.
मां और बच्चे के बीच बढ़ेगा त्वचा से त्वचा संपर्क
कंगारू मदर केयर पद्धति में मां और नवजात के बीच त्वचा से त्वचा संपर्क को प्राथमिकता दी जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार, यह तरीका नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होता है और उनके बेहतर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
ALSO READ: रांची: बुंडू में बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, 15 दिनों से पांच वार्डों में जलापूर्ति ठप
नवजातों को स्वस्थ जीवन की बेहतर शुरुआत देना लक्ष्य
सदर अस्पताल, बोकारो का उद्देश्य जिले के हर नवजात, खासकर कम वजन वाले शिशुओं को बेहतर उपचार और गुणवत्तापूर्ण देखभाल उपलब्ध कराना है. KMC वार्ड की स्थापना से नवजात स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के प्रयासों को भी गति मिलेगी.
