जनगणना–2027 के पहले चरण के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ

सरायकेला: भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLD) कार्य के सफल संचालन के लिए जिला एवं...

सरायकेला: भारत की जनगणना–2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLD) कार्य के सफल संचालन के लिए जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया.

इस अवसर पर अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंदर उरांव, कार्यपालक दंडाधिकारी सरायकेला सतेंद्र महतो, कार्यपालक दंडाधिकारी-सह-जिला सांख्यिकी पदाधिकारी कमलेश कुमार दास, राज्य स्तरीय जनगणना प्रशिक्षक गजेंद्र गुप्ता, उप निदेशक, जिला समन्वयक अर्जुन राम समेत जिले के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की दी जा रही जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना आयोजन के उद्देश्य, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के लिए सामान्य दिशा-निर्देश, जनगणना अधिनियम से संबंधित प्रावधान, प्रमुख अवधारणाएँ एवं परिभाषाएँ, मकानों की नंबरिंग की प्रक्रिया, नगरीय क्षेत्रों में मानचित्र तैयार करने की विधि, जनगणना मकान संख्या निर्धारण तथा अधिनियम के प्रावधानों के उल्लंघन की स्थिति में दंडात्मक कार्रवाई सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है.

Also Read: रांची : झारखंड पुलिस को मिली ‘सुपर पावर’, सीएम हेमंत सोरेन ने 1,485 आधुनिक वाहन सौंपे, 12 नए थानों की रखी नींव

डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना

प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में कार्य निष्पादन के दौरान संभावित समस्याओं, उनके समाधान तथा डिजिटल एप्लिकेशन के माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी जा रही है. प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया गया. इस बार भारत की जनगणना–2027 को डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा, जिससे डेटा संकलन की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सटीक होगी.

तीन दिनों तक चलेगा प्रशिक्षण

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13, 14 और 15 मार्च 2026 तक जिला सभागार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें लगभग 80 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं. इनमें जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारी और तकनीकी सहायक शामिल हैं.

जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करें कार्य: उपायुक्त

इस अवसर पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने प्रशिक्षण में उपस्थित जनगणना पदाधिकारियों और तकनीकी सहायकों को संबोधित करते हुए निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में कार्य के दौरान आमजन के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें तथा सभी निर्धारित प्रावधानों और दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *