Dhanbad : जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र में केबल चोरी का विरोध करने पर बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी गई. बोकारो-धनबाद NH-32 हाईवे के किनारे, सोनारडीह ओपी से महज कुछ ही दूरी पर पर यह घटना हुई. जहां बीसीसीएल के समरसेबल पंप पर बीती रात केबल चोरों ने जमकर तांडव मचाया. चोरी का विरोध करने पर ड्यूटी पर तैनात पंप ऑपरेटर उमेश रविदास को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
आधी रात को अपराधियों ने बोला धावा
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच की है. बीसीसीएल कर्मी उमेश रविदास नाइट ड्यूटी में समरसेबल पंप पर तैनात थे. इसी दौरान छह हथियारबंद केबल चोर वहां आ धमके और पंप का कीमती केबल काटने लगे. ड्यूटी पर तैनात उमेश रविदास ने जब इसका बहादुरी से विरोध किया और शोर मचाया, तो पकड़े जाने के डर से अपराधियों ने सीधे उन पर फायरिंग कर दी. गोली उमेश रविदास के दाहिने पैर में लगी और आर-पार हो गई. गोली चलने और शोर-शराबा होने के बाद अपराधी मौके से भाग खड़े हुए.

घायल कर्मी सेंट्रल हॉस्पिटल रेफर, पुलिस को मिला खोखा
खून से लथपथ हालत में घायल उमेश रविदास ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत फोन कर अपने साथी कर्मचारियों को घटना की जानकारी दी. आनन-फानन में सहकर्मियों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया- जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सेंट्रल हॉस्पिटल, धनबाद रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलने के बाद सोनारडीह ओपी की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से एक खोखा बरामद किया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की बात कह रही है.
ALSO READ : मेकॉन टेंडर घोटाला : पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक उपेंद्र नाथ मंडल की जमानत याचिका HC से खारिज


