रांची में अपात्र राशन कार्डधारकों को राहत दिलाने की पहल, महापौर रोशनी खलखो ने उपायुक्त से मांगा स्वैच्छिक सरेंडर का मौका

Ranchi: अपात्र राशन कार्डधारकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच रांची की महापौर रोशनी खलखो ने आम लोगों को राहत दिलाने...

Ranchi: अपात्र राशन कार्डधारकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच रांची की महापौर रोशनी खलखो ने आम लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन से महत्वपूर्ण मांग की है. उन्होंने उपायुक्त और विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि जिन लोगों के राशन कार्ड पात्रता की श्रेणी में नहीं आते, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करने या अपना नाम हटवाने का एक अंतिम अवसर दिया जाए.

झारखंड सरकार ने सभी जिलों को सूची का सत्यापन का दिया निर्देश 

दरअसल, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग, भारत सरकार के राइटफुल टार्गेटिंग अभियान के तहत विभिन्न मानकों के आधार पर अपात्र लाभुकों की सूची राज्यों को उपलब्ध कराई गई है. इसके बाद झारखंड सरकार ने सभी जिलों को सूची का सत्यापन कर अपात्र लाभुकों के राशन कार्ड हटाने (डिलीट करने) का निर्देश दिया है.

रोशनी खलखो बनी मिडिल क्लास की मसीहा 

इसी क्रम में जिला आपूर्ति कार्यालय, रांची ने अपात्र पाए गए लाभुकों को नोटिस जारी कर आर्थिक दंड की राशि जमा करने, राशन कार्ड वापस करने या अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है. महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि इस कार्रवाई से बड़ी संख्या में आम लोग असमंजस और परेशानी का सामना कर रहे हैं. कई लोगों को नियमों की पूरी जानकारी नहीं है. ऐसे में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें बिना दंड के स्वेच्छा से राशन कार्ड सरेंडर करने या अपना नाम हटवाने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड के कुछ अन्य जिलों में अपात्र लाभुकों को ऐसा अवसर दिया गया है, इसलिए रांची में भी लोगों के हित को देखते हुए यही व्यवस्था लागू की जानी चाहिए.

महापौर ने जिला प्रशासन से आम जनता के लिए की विशेष अपील 

महापौर ने प्रशासन से आग्रह किया है कि लोगों को राहत देने और अनावश्यक आर्थिक बोझ से बचाने के लिए जल्द इस संबंध में सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि पात्र और अपात्र लाभुकों के बीच पारदर्शिता भी बनी रहे और आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.

ALso Read: जामताड़ा: साइबर ठगी से बचाव से लेकर बाल विवाह रोकथाम तक, छात्रों को दी गई कानूनी जानकारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *