Ranchi : झारखंड सरकार के वित्त विभाग ने राज्य के कामकाज को सुचारू और तकनीकी रूप से सक्षम बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है. विभाग ने तकनीकी जनशक्ति की आपूर्ति के लिए अनुबंधित एजेंसी मैसर्स ब्लूम सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ चल रहे अनुबंध को विस्तार देने का आधिकारिक आदेश जारी किया है.
अनुबंध अवधि में विस्तार
वित्त विभाग के अवर सचिव सुधीर कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार, जैप आइटी JAP- IT द्वारा ‘मैनपावर रेट कॉन्ट्रैक्ट’ की अवधि को बढ़ाने के उपरांत, वित्त विभाग ने भी अपनी सेवाओं को 31 जुलाई तक के लिए विस्तारित कर दिया है. यह विस्तार विभाग की तकनीकी जरूरतों को निर्बाध रूप से पूरा करने के उद्देश्य से किया गया है.
लंबे समय से कायम है कार्य-संबंध
गौरतलब है कि ब्लूम सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड लंबे समय से झारखंड सरकार के विभिन्न विभागों को तकनीकी सहायता प्रदान कर रही है. वित्त विभाग में इस एजेंसी की सेवा की शुरुआत 14 फरवरी 2022 को हुई थी. तब से लेकर अब तक, समय-समय पर कार्य विस्तार के माध्यम से विभाग ने इनकी सेवाओं को निरंतर जारी रखा है. पिछले चार वर्षों में कई बार अनुबंधों के नवीनीकरण के जरिए विभाग ने अपनी तकनीकी टीम की निरंतरता बनाए रखी है.
शर्तें रहेंगी पूर्ववत
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुबंध की इस विस्तारित अवधि के दौरान भी सभी शर्तें वही रहेंगी, जो पूर्व में जैप आइटी JAP- IT के साथ ‘मैनपावर रेट कॉन्ट्रैक्ट’ के ‘एनेक्सचर एक से आठ में निर्धारित की गई थी. इसके अलावा, अनुबंध विस्तार समझौते के नियम भी पूरी तरह से लागू रहेंगे.
