Newswave Desk: FIFA World Cup 2026 का फाइनल तय हो गया है. पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने फ्रांस को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार फाइनल का टिकट कटाया. अब 20 जुलाई को होने वाले फाइनल में सिर्फ ट्रॉफी की जंग ही नहीं, बल्कि एक बेहद भावुक और दिलचस्प कहानी भी देखने को मिलेगी. इस मुकाबले में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी का सामना स्पेन के युवा स्टार लैमिन यमाल से होगा. खास बात यह है कि करीब 17 साल पहले मेसी ने छह महीने के यमाल को अपनी गोद में उठाया था.
यह किस्सा साल 2007 का है. उस समय मेसी अपने करियर की शुरुआत में थे और विश्व फुटबॉल में तेजी से पहचान बना रहे थे. इसी दौरान यूनिसेफ (UNICEF) के एक चैरिटी कार्यक्रम के तहत उनका एक फोटोशूट कराया गया, जिसमें उन्होंने एक छोटे बच्चे को गोद में लेकर तस्वीरें खिंचवाईं. वह बच्चा लैमिन यमाल थे.
2024 में सामने आई थी ऐतिहासिक तस्वीर
यह तस्वीर कई सालों तक सार्वजनिक नहीं हुई. साल 2024 में पहली बार इसे साझा किया गया, जिसके साथ ‘The Beginning of Two Legends’ कैप्शन लिखा गया था. तस्वीर सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गई.
अब वर्ल्ड कप फाइनल में होगी आमने-सामने की टक्कर
20 जुलाई को न्यूयॉर्क में खेले जाने वाले फाइनल में सभी की नजरें मेसी और यमाल की भिड़ंत पर होंगी. मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचा है. वहीं, स्पेन ने 16 साल बाद खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है. दिलचस्प बात यह है कि स्पेन ने पिछली बार जब वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था, तब ट्रॉफी अपने नाम की थी. ऐसे में अब देखना होगा कि स्पेन इतिहास दोहराता है या मेसी की अगुआई में अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना पूरा करता है.
ALSO READ: झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: राज्य आपदा शमन निधि के लिए 175.40 करोड़ की भारी राशि स्वीकृत
