लातेहार: एक झटके में उजड़ गए दो परिवार, रॉन्ग साइड ट्रक ने ली जीजा-साला की जान

Latehar: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में जीजा-साला की मौके पर ही दर्दनाक मौत...

Latehar
तेज रफ्तार का कहर, जीजा-साला की मौत से मचा कोहराम
Latehar: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में जीजा-साला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा रांची–डालटनगंज मुख्य मार्ग (एनएच-75) पर शिवाटोली के समीप हुआ. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को चंदवा मेन रोड स्थित इंदिरा गांधी चौक पर रखकर सड़क जाम कर दिया. बाद में प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल पर जाम समाप्त कराया गया.

रॉन्ग साइड से आए मिनी ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, लोहरदगा जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र के सलगी निवासी मिथुन भुइयां (18 वर्ष) और उनके जीजा रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र निवासी टिंकू भुइयां (32 वर्ष) बाइक संख्या JH13K-1771 से खलारी से सिकनी की ओर जा रहे थे.इसी दौरान सुबह करीब 7:30 बजे चंदवा ब्लॉक कार्यालय पार कर शिवाटोली के पास लातेहार की ओर से आ रहा 407 मिनी ट्रक (JH13E-0394) कथित रूप से गलत दिशा में आ गया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक सवारों के ऊपर पलट गया, जिससे दोनों युवक ट्रक के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

हाइड्रा की मदद से निकाले गए शव

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. सूचना मिलने पर चंदवा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हाइड्रा मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाया गया.दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया और दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी.

शव रखकर परिजनों ने किया सड़क जाम

पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर चंदवा पहुंचे तो अंतिम संस्कार के लिए तत्काल सहायता नहीं मिलने से नाराज होकर उन्होंने इंदिरा गांधी चौक पर सड़क जाम कर दिया. इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.सूचना मिलते ही चंदवा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर जाम हटाने का प्रयास किया.

प्रशासन ने दी तत्काल आर्थिक सहायता, खुला जाम

मामले की जानकारी मिलने पर भीम आर्मी झारखंड प्रदेश महासचिव वीरेंद्र कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता देवसुंदर यादव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग की.इसके बाद प्रशासन की पहल पर थाना प्रभारी और बीडीओ ने दोनों मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई. सहायता मिलने के बाद परिजनों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और शवों को अंतिम संस्कार के लिए अपने-अपने गांव ले गए.

एनएच-75 पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि एनएच-75 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने प्रशासन से ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई, नियमित वाहन जांच और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

READ ALSO: कोडरमा: घरेलू कलह से टूटी 60 साल की महिला, खुद को आग लगाकर की जान देने की कोशिश

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *