स्वर्णरेखा नदी ब्रिज पर टूटा 25,000 वोल्ट का ओएचई तार, टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस बीच रास्ते में थमी, यात्रियों में मची अफरातफरी

Jamshedpur: जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. रविवार सुबह करीब 6:50 बजे चंद्ररेखा गांव के पास...

Jamshedpur: जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. रविवार सुबह करीब 6:50 बजे चंद्ररेखा गांव के पास स्वर्णरेखा नदी पर बने रेलवे ब्रिज (घाटर पुल) पर एक बड़ा हादसा टल गया. टाटा से हावड़ा जा रही ‘टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस’ के गुजरने के दौरान अचानक ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार टूट गया, जिससे ट्रेन बीच पुल पर ही खड़ी हो गई.

तेज चरमराहट और चिंगारियों के साथ टूटा तार:

ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के अनुसार, सुबह सब कुछ सामान्य था कि अचानक एक जोरदार चरमराहट की आवाज सुनाई दी और खिड़कियों से तेज चिंगारियां उठती हुई दिखीं. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, लगभग 25 हजार वोल्ट की क्षमता वाला हाई-टेंशन ओएचई तार टूटकर सीधे स्टील एक्सप्रेस की छत पर आ गिरा..तार गिरते ही ट्रेन में तेज झटका लगा और वह वहीं रुक गई.

यात्रियों में मची अफरातफरी, पैदल ही हाईवे की ओर निकले लोग:

हाई-टेंशन तार के ट्रेन की छत पर गिरने की खबर से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बन गई,हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है. ओएचई तार टूटने से ट्रेन में करंट नहीं फैला, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया. काफी देर तक ट्रेन के रुकने और पुल पर फंसे होने के कारण कई परेशान यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए. वे रेलवे ब्रिज से ट्रैक के सहारे पैदल चलते हुए गालूडीह की ओर नेशनल हाईवे तक पहुंचे, ताकि गंतव्य के लिए अन्य वाहनों का सहारा लिया जा सके. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे महकमे में खलबली मच गई. सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ट्रैक्शन रोलिंग डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने तुरंत बिजली आपूर्ति को बंद कराया ताकि मरम्मत का काम सुरक्षित रूप से शुरू किया जा सके. इस हादसे के कारण टाटा-हावड़ा रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है. स्टील एक्सप्रेस पिछले दो घंटे से अधिक समय से ब्रिज पर ही खड़ी है.

Also Read: झारखंड पुलिस के सिपाही स्तर के पुलिसकर्मी भी जा सकते है केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर, DGP को लिखा गया पत्र

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *