श्रावणी मेला 2026: कांवरियों की सेहत का पूरा ख्याल, हर 5 किमी पर लगेगा हेल्थ कैंप, 200 से अधिक डॉक्टर होंगे तैनात

Ranchi: श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए झारखंड सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर...

Ranchi: श्रावणी मेला 2026 के दौरान लाखों शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए झारखंड सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. स्वास्थ्य विभाग की योजना है कि झारखंड में प्रवेश करते ही कांवरियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले. इसके लिए पूरे कांवरिया पथ पर हर पांच किलोमीटर की दूरी पर अस्थायी स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएंगे, जहां 24 घंटे इलाज की व्यवस्था रहेगी.

200 से अधिक डॉक्टरों की होगी प्रतिनियुक्ति

30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले श्रावणी मेले के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक चिकित्सकों की अस्थायी प्रतिनियुक्ति की तैयारी की जा रही है. देवघर में डॉक्टरों के दो बैच तैनात किए जाएंगे. प्रत्येक बैच में करीब 80 चिकित्सक होंगे, जो अलग-अलग शिफ्ट में अपनी सेवाएं देंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी समय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके.

वासुकिनाथ में भी रहेगी विशेष स्वास्थ्य व्यवस्था

देवघर के साथ-साथ दुमका स्थित बाबा वासुकिनाथ धाम में भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा. यहां 20-20 डॉक्टरों की शिफ्ट में तैनाती की जाएगी. इसके अलावा बड़ी संख्या में पैरामेडिकल स्टाफ, एमपीडब्ल्यू कर्मी और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) की भी प्रतिनियुक्ति की जाएगी. इस संबंध में स्वास्थ्य सेवा निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है.

Read Also: मंत्री इरफान अंसारी ने कहा – केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सोनम वांगचुक की हेल्थ बुलेटिन जारी करें

कांवरिया पथ पर 24 घंटे मिलेगी चिकित्सा सुविधा

स्वास्थ्य विभाग की ओर से कांवरिया पथ पर स्थापित किए जाने वाले सभी स्वास्थ्य शिविरों में चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. इन शिविरों में प्राथमिक उपचार, मरहम-पट्टी, आपातकालीन चिकित्सा और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफरल की व्यवस्था भी रहेगी. सभी डॉक्टर संबंधित जिलों के उपायुक्त और सिविल सर्जन के निर्देशानुसार कार्य करेंगे, ताकि मुख्य मार्गों के साथ-साथ दूरस्थ रूटों पर भी श्रद्धालुओं को समय पर इलाज मिल सके.

20 जुलाई को तैयारियों की होगी समीक्षा

श्रावणी मेला 2026 की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए 20 जुलाई (सोमवार) को देवघर जिला परिसदन सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी भी शामिल होंगे. संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला ने उपायुक्त देवघर और संताल परगना के क्षेत्रीय उपनिदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) को पत्र भेजकर बैठक में विभागीय तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का तुरंत समाधान मिल सके और उन्हें सुरक्षित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *