Newswave Desk: शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया को इंग्लैंड दौरे पर खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा. इसके साथ ही वनडे क्रिकेट में गिल की कप्तानी का रिकॉर्ड चिंता बढ़ाने वाला नजर आ रहा है. अक्टूबर 2025 में शुभमन गिल को भारत की वनडे टीम का कप्तान बनाया गया था. तब से उनकी कप्तानी में टीम इंडिया अब तक चार वनडे सीरीज खेल चुकी है. इनमें से सिर्फ एक सीरीज में जीत मिली है, जबकि तीन सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है.
बड़ी टीमों के खिलाफ नहीं मिला बेहतर प्रदर्शन
गिल की कप्तानी में भारत ने सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज खेली, जिसमें टीम को 1-2 से हार मिली. इसके बाद घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड ने भी भारत को 2-1 से हराकर 37 साल बाद भारतीय सरजमीं पर वनडे सीरीज जीती. गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की एकमात्र सीरीज जीत अफगानिस्तान के खिलाफ आई. भारत ने यह सीरीज 3-0 से अपने नाम की. हालांकि, इसके बाद इंग्लैंड दौरे पर टीम को फिर 1-2 से हार झेलनी पड़ी.
नंबर-1 रैंकिंग पर भी खतरा
लगातार हार के कारण भारत की वनडे नंबर-1 रैंकिंग पर भी खतरा मंडरा रहा है. फिलहाल टीम इंडिया शीर्ष स्थान पर है, लेकिन खराब प्रदर्शन जारी रहा तो यह स्थान हाथ से निकल सकता है. अब सभी की नजर गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की अगली वनडे सीरीज पर रहेगी.
