Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव और प्रवक्ता ऋषिकेश सिंह ने भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा हर कानूनी कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला बताकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करती है. उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी भी राजनीतिक दल के नेताओं को विशेष छूट नहीं मिल सकती. ऋषिकेश सिंह ने कहा कि अगर किसी कार्रवाई में गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए अदालत और अन्य सक्षम संस्थाएं मौजूद हैं. जांच पूरी होने से पहले पुलिस, प्रशासन और सरकार पर आरोप लगाना सही नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को मुकदमे फर्जी लगते हैं तो उसे अदालत का दरवाजा खटखटाना चाहिए, न कि मीडिया ट्रायल करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: खूंटी में बड़ा हादसा: रथ खींच रहे स्कूली बच्चे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आए, 2 की मौत, 6 गंभीर रूप से झुलसे
‘केंद्र सरकार ने झारखंड की स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए क्या किया’
उन्होंने जामताड़ा की घटना को दुखद बताते हुए कहा कि सरकार ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अगर चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है तो दोषियों पर कार्रवाई होगी. लेकिन घटना की आड़ में अस्पताल में हंगामा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या कानून-व्यवस्था बिगाड़ना किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता. कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा से यह भी पूछा कि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कितना सहयोग दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा को राज्य की चिंता तभी होती है, जब उसे राजनीतिक अवसर दिखाई देता है. ऋषिकेश सिंह ने कहा कि भाजपा प्रशासन पर राजनीतिक आरोप लगा रही है, जबकि देश ने देखा है कि केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल को लेकर सबसे ज्यादा सवाल भाजपा सरकार के समय उठे हैं.
‘भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटका रही’
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का मतलब यह नहीं कि कोई राजनीतिक दल कानून से ऊपर हो जाए. यदि कोई निर्दोष है तो जांच में सच सामने आ जाएगा, लेकिन कानून को अपना काम करने देना चाहिए. अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए हर प्रशासनिक कार्रवाई को राजनीतिक रंग दे रही है. कांग्रेस सरकार कानून के राज, निष्पक्ष जांच और संवैधानिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया का खराब रिकॉर्ड, 4 में से 3 वनडे सीरीज हारी
