Jamtara : जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत चंपापुर गांव में एक दुर्लभ बर्किंग डियर (काकड़) के पहुंचने से ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल बन गया. जंगल से भटककर गांव पहुंचे हिरण को ग्रामीणों ने सुरक्षित पकड़कर बांध दिया और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ बर्किंग डियर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया. इसके बाद हिरण को सुरक्षित संरक्षण में लेकर वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई.
कैसे आया बर्किंग डियर चंपापुर गांव में
रेस्क्यू अभियान में प्रधान वन रक्षी सपन पंडित, चंदन मंडल, राजेश सोरेन, हरि राय, हारून मियां सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे. वन रक्षी सपन पंडित ने बताया कि हिरण पूरी तरह सुरक्षित है और उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यह बर्किंग डियर धनबाद जिले के टुंडी जंगल क्षेत्र से भटककर नदी पार करते हुए नारायणपुर वन क्षेत्र में पहुंच गया होगा. भटकते-भटकते वह चंपापुर गांव में आ गया, जहां ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया और वन विभाग को सूचना दी. वन विभाग ने ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना करते हुए अपील की कि यदि भविष्य में कोई जंगली जानवर गांव में दिखाई दे तो उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके.
Also Read : JPSC कार्यालय का घेराव को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, सैकड़ों अतिरिक्त जवान हैं तैनात
