Ranchi: JPSC द्वारा हाल ही में आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आज भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) JPSC कार्यालय घेराव करने वाले हैं. इसको देखते हुए राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए JPSC कार्यालय के चारों ओर सुरक्षा का भारी घेरा तैयार किया गया है.
मुख्य मार्गों पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग
पुलिस ने कार्यालय की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है. प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर के करीब जाने से रोकने के लिए सैकड़ों की संख्या में अतिरिक्त जिला पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है. भाजयुमो नेताओं का आरोप है कि हाल के दिनों में JPSC द्वारा आयोजित परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और अनियमितताएं सामने आई हैं.

संगठन का दावा है कि इससे राज्य के हजारों योग्य और मेधावी युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है. कार्यकर्ताओं की मांग है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. इसी मांग को लेकर आज पूरे प्रदेश से युवा कार्यकर्ताओं के रांची जुटने की संभावना है.
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. तैनात जवानों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखें, लेकिन साथ ही स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए संयम से काम लें.
