PM मातृ वंदना योजना में सरायकेला-खरसावां का शानदार प्रदर्शन, राज्य में मिला दूसरा स्थान

Saraikela: महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में...

Seraikela-Kharsawan DC
सरायकेला-खरसावां डीसी

Saraikela: महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह एवं उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को योजना से आच्छादित करने हेतु 15 जून से 15 जुलाई, 2026 तक विशेष पंजीकरण अभियान संचालित किया गया. अभियान के सफल क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप झारखंड राज्य ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं सरायकेला-खरसावां जिला राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने में सफल रहा.

अभियान के दौरान 2,065 लाभुकों का हुआ पंजीकरण  

विशेष अभियान के दौरान जिले को राज्य स्तर से 1,202 लाभुकों के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. इसके विरुद्ध 2,065 लाभुकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 171 प्रतिशत है. अभियान के दौरान जिले द्वारा निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक उपलब्धि अर्जित करते हुए राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया.

हर लाभुक तक योजना का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता    

इस उपलब्धि पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, कि यह सफलता विभागीय समन्वय, सतत अनुश्रवण, क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी कार्य निष्पादन तथा जनसहभागिता का परिणाम है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण सुदृढ़ीकरण की एक महत्वपूर्ण योजना है.  प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला तक योजना का लाभ समयबद्ध रूप से पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.

साथ ही उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विशेष अभियान के दौरान प्राप्त उपलब्धि को बनाए रखते हुए नियमित पंजीकरण की प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा प्रत्येक पात्र लाभुक की पहचान कर उन्हें समय पर योजना का लाभ सुनिश्चित कराया जाए. साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखने एवं लाभुकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया.

पदाधिकारियों-कर्मियों पंजीकरण कराने वाली सभी लाभुकों के प्रति उपायुक्त ने जताया आभार

उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO), महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा योजना से जुड़कर पंजीकरण कराने वाली सभी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास, सक्रिय सहभागिता एवं आमजन के सहयोग से ही जिला राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करने में सफल हुआ है. उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभुक तक योजना का लाभ सुनिश्चित करने का आह्वान किया.

यह भी पढ़ें: बेतला, पलामू किला और महुआटांड भेड़िया अभयारण्य को जोड़कर बनेगा एकीकृत टूरिज्म सर्किट

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *