BREAKING : हजारीबाग के केरेडारी में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच देर रात मुठभेड़, एक अपराधी को गोली लगी, दूसरा गिरफ्तार

Hazaribagh: जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के...

Hazaribagh:  जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात करीब एक बजे पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. यह मुठभेड़ चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के समीप हुई, जहां पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी गिरफ्तार कर लिया गया. घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है.

घटना को अंजाम देने की फिराक में थे अपराधी:

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि बाइक सवार अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना से इलाके में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर केरेडारी थाना पुलिस ने इलाके में वाहन जांच और घेराबंदी शुरू की. इसी दौरान चंद्रगुप्त माइंस कंपनी के पास पुलिस का सामना संदिग्ध बाइक सवारों से हुआ.

रुकने के बजाय पुलिस पर की फायरिंग:

बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने मौके से दबोच लिया, जबकि दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

बार-बार बदल रहे हैं अपनी पहचान:

पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों पकड़े गए आरोपी पूछताछ के दौरान बार-बार अपना नाम और पहचान बदल रहे हैं. उनकी वास्तविक पहचान, आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.

पुलिस ने की मुठभेड़ की पुष्टि:

केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश ने फोन पर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा पूरे मामले की जांच जारी है. घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन सर्च अभियान शुरू कर दिया है. आशंका जताई जा रही है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी आसपास के क्षेत्र में छिपे हो सकते हैं. पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों की पहचान और बरामद हथियारों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है. उम्मीद है कि पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *