सिक्किम टनल हादसे में 50 वर्षीय मसीह बोरजो की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Chaibasa : सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन NHPC तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की हेड रेस टनल में हुए भीषण हादसे में...

File photo

Chaibasa : सिक्किम के नामची जिले में निर्माणाधीन NHPC तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की हेड रेस टनल में हुए भीषण हादसे में पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड अंतर्गत केकुमसिंग मदुरा गांव निवासी 50 वर्षीय मसीह बोरजो की दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है. मसीह बोरजो अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए करीब तीन माह पहले ही सिक्किम मजदूरी करने गए थे.

झारखंड के कुल चार मजदूरों की हुई मौत 

बताया गया कि मसीह बोरजो पटेल कंस्ट्रक्शन कंपनी के माध्यम से टनल निर्माण कार्य में लगे हुए थे. हादसे के समय सुरंग के भीतर गैस रिसाव और विस्फोट होने से उनकी जान चली गई. इस दुर्घटना में झारखंड के कुल चार मजदूरों की मौत हुई है, जिनमें दो खूंटी जिले के रनिया प्रखंड, एक हजारीबाग और एक पश्चिमी सिंहभूम के मसीह बोरजो शामिल हैं. मसीह बोरजो अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों सहित चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी. उन्हें प्रतिमाह लगभग 20 हजार रुपये मजदूरी मिलती थी, जिससे घर का खर्च चलता था. हादसे की सूचना मिलते ही केकुमसिंग मदुरा गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग लगातार पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.मसीह बोरजो की मौत की खबर मिलने के बाद उनके भाई सिक्किम के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि पार्थिव शरीर को गांव लाया जा सके.

पीड़ित परिवार को मुआवजा मांग

इधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सिक्किम के मुख्यमंत्री से बातचीत की है तथा प्रभावित झारखंडी श्रमिकों के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है. राज्य सरकार का माइग्रेंट सेल और कंट्रोल रूम भी लगातार सिक्किम सरकार के संपर्क में है और मृतकों के परिजनों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है. केकुमसिंग मदुरा गांव के लोगों की मांग है कि मसीह बोरजो का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव लाया जाए और पीड़ित परिवार को पर्याप्त सरकारी मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराया जाए.

Also Read : बारिश के मौसम में स्ट्रीट फूड खाना क्यों पड़ सकता है भारी, जानिए 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *