Koderma: जिले में गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक विशेष टीम ने अचानक दबिश देकर हड़कंप मचा दिया. जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में एनआईए की टीम ने विस्फोटक सामग्री के अवैध कारोबार और उसके संभावित दुरुपयोग की जांच के सिलसिले में कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की.
मैगज़ीन हाउस और आवास पर एक साथ दबिश
जानकारी के अनुसार, एनआईए की टीम गुरुवार की सुबह ही नवलशाही थाना क्षेत्र स्थित नवादा-फुलवरिया के पास संचालित एक विस्फोटक मैगजीन हाउस पहुंची यह मैगज़ीन हाउस लोकाई निवासी व्यवसायी शंकर यादव का बताया जा रहा है.एनआईए अधिकारियों ने नवादा-फुलवरिया स्थित विस्फोटक भंडारण केंद्र (मैगज़ीन हाउस) को अपने घेरे में ले लिया और गहन जांच पड़ताल शुरू कर दी. इसके साथ ही, सुरक्षा के दृष्टिकोण से एक अन्य टीम ने तड़के लोकाई स्थित शंकर यादव के आवास पर भी दबिश दी. दोनों स्थानों पर सुबह से ही कागजात, स्टॉक रजिस्टर और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है.
स्थानीय पुलिस बल तैनात, सुरक्षा कड़ी
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय नवलशाही थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है. पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और मैगजीन हाउस के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है.
नक्सलियों तक विस्फोटक पहुंचाने का संदेह
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी कार्रवाई विस्फोटक सामग्री की अवैध खरीद-बिक्री और संभावित तस्करी से जुड़े एक गंभीर मामले में की जा रही है.
अन्य ठिकानों पर भी फैल सकता है जांच का दायरा
सूत्रों का यह भी कहना है कि कोडरमा जिले में संचालित अन्य विस्फोटक मैगज़ीन हाउस भी एनआईए के रडार पर हैं. आने वाले घंटों में जांच टीम जिले के कुछ अन्य मैगज़ीन हाउस और उनसे जुड़े व्यवसायियों के ठिकानों पर भी छापेमारी कर सकती है.
फिलहाल दोनों ठिकानों पर एनआईए की पूछताछ और दस्तावेजों की जांच लगातार जारी है. एनआईए का आधिकारिक बयान आने के बाद ही इस पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर और छापेमारी के नतीजों का खुलासा हो सकेगा.
ALSO READ : SIR फॉर्म भरने में लापरवाही न करें, 29 जुलाई से पहले हर हाल में करें आवेदन : अंजुमन इस्लामिया
