पेपर लीक आंदोलन पर सलमान खान का भावुक पोस्ट, बोले- ‘मेरा दिल छात्रों और उनके परिवारों के साथ है’

News Wave Desk: देशभर में शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान...

News Wave Desk: देशभर में शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का भी समर्थन मिला है. दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की खबरों के बाद कई फिल्मी हस्तियों ने चिंता जताई थी. अब सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए आंदोलन का समर्थन किया और घायल छात्रों व उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की.

‘मेरा दिल छात्रों और उनके परिवारों के साथ है’

सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि उनका दिल उन सभी छात्रों और उनके परिवारों के साथ है, जो इस आंदोलन के दौरान घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि पेपर लीक देश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा बेहद गंभीर मुद्दा है और यह देखकर खुशी होती है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा प्रणाली की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं. उन्होंने छात्रों के साहस और ईमानदारी की सराहना करते हुए लिखा कि ये युवा अपने भविष्य और एक शिक्षित भारत के निर्माण के लिए आवाज उठा रहे हैं. सलमान ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया गया है और छात्रों का प्रयास सराहनीय है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Salman Khan (@beingsalmankhan)

आंदोलन को राजनीति से दूर रखने की अपील

अपने पोस्ट में सलमान खान ने यह भी कहा कि यह मुद्दा केवल छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन का पूरा श्रेय देश के छात्रों को मिलना चाहिए, जिन्होंने अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए आवाज उठाई है. सलमान ने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनेगी और शिक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाएगी. उन्होंने कहा कि भारत को शिक्षा के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बनानी चाहिए, ताकि दुनिया भर के छात्र यहां पढ़ाई के लिए आएं और देश एक प्रमुख शिक्षा केंद्र के रूप में उभरे.

दिल्ली प्रदर्शन में बढ़ा तनाव

सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर बड़ी संख्या में छात्र जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च निकाल रहे थे. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई. दिल्ली पुलिस का कहना है कि इलाके में पहले से निषेधाज्ञा लागू थी. पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों को कई बार आगे बढ़ने से रोका गया, लेकिन वे नहीं माने. इसके बाद स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कार्रवाई की. वहीं, प्रदर्शन में शामिल छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े. छात्रों का यह भी दावा है कि सादे कपड़ों में मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की.

छात्र आंदोलन पर बढ़ रही प्रतिक्रियाएं

पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर में चल रहे इस आंदोलन पर अब लगातार विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां अपनी राय रख रही हैं. सलमान खान का समर्थन सामने आने के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हालांकि, आंदोलन से जुड़े विभिन्न पक्षों के अपने-अपने दावे हैं और घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *