Jamshedpur : शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डिमना लेक में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. लेक के गहरे पानी में डूबने से महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान जूनियर डॉक्टर समीर और सक्षम के रूप में हुई है. इस घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज परिसर और शहर के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.
देर रात लेक गए थे तीन दोस्त
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात एमजीएम कॉलेज के तीन जूनियर डॉक्टर दोस्त एक साथ घूमने के लिए डिमना लेक पहुंचे थे. लेक के समीप रहने के दौरान अचानक हादसा हो गया और दो डॉक्टर पानी के तेज बहाव और गहराई की चपेट में आकर डूबने लगे. तीसरे साथी ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन असफलता मिलने पर वह बदहवास हालत में तुरंत कॉलेज पहुंचा और सहकर्मियों व प्रशासन को हादसे की जानकारी दी.
रात में बाधित रहा बचाव अभियान, सुबह शुरू हुई तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे हालांकि, रात का अंधेरा होने और लेक की गहराई अधिक होने के कारण गुरुवार रात गोताखोर पानी में नहीं उतर सके और खोजबीन का काम रोकना पड़ा. शुक्रवार सुबह होते ही बोड़ाम थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ और आपदा प्रबंधन टीम की मदद से डिमना लेक में तलाशी अभियान शुरू किया गया.
पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जीवित बचे तीसरे साथी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
